रमेश कंवर: मनाली
Manali News: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने जा रही ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मनाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीरसिंह ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पूरी एकजुटता और उत्साह के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेने का संकल्प लिया।
लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा का शंखनाद
मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीरसिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा यह महारैली लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता और आम जनता के मताधिकार की हिफाजत के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए मनाली विधानसभा क्षेत्र से बड़ी तादाद में पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं।
ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर के पदाधिकारी एकजुट होकर निभाएंगे सक्रिय भूमिका
बीरसिंह ठाकुर ने बताया कि पार्टी संगठन के सभी स्तरों ब्लॉक कार्यकारिणी, अग्रणी संगठनों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर दिल्ली कूच किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनाली ब्लॉक कांग्रेस इस राष्ट्रीय स्तर की महारैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दिल्ली रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं का एक सामूहिक फोटो सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर एकजुटता और अनुशासन का प्रदर्शन किया।
देशभर से जुटेंगे लाखों कार्यकर्ता
ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि रामलीला मैदान में देशभर से लाखों की संख्या में कांग्रेस जन पहुंच रहे हैं और हिमाचल प्रदेश सहित मनाली विधानसभा क्षेत्र का कांग्रेस परिवार भी अपनी मजबूत व प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराएगा। उन्होंने दिल्ली जा रहे सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे यात्रा और रैली के दौरान पूर्ण अनुशासन बनाए रखें और पार्टी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।