Himachal News: नई दिल्ली में नितिन गडकरी से मिले डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल को मिलीं 4 बड़ी सौगातें

Himachal News Nitin Gadkari Mukesh Agnihotri Meeting

रमेश कंवर: नई दिल्ली

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उच्चस्तरीय मुलाकात कर प्रदेश के परिवहन और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल के हितों से जुड़ी मांगों पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए राहत भरे फैसले लिए। बैठक में टैक्सी ऑपरेटरों, पर्यटकों और राज्य के सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के संबंध में सार्थक चर्चा हुई, जिसके बाद केंद्र सरकार की ओर से जल्द ही आवश्यक अधिसूचनाएं और दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया गया है।

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण फैसला प्रदेश के हजारों टैक्सी ऑपरेटरों और पर्यटन कारोबारियों के हित में रहा। उपमुख्यमंत्री ने टूरिस्ट परमिट के तहत चलने वाले वाहनों की वैधता अवधि को 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने की मांग उठाई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस जनहितैषी मांग पर तुरंत अपनी सहमति जताते हुए आश्वस्त किया कि भारत सरकार द्वारा जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही कांगड़ा जिले में एटीएस (Automated Testing Station) पासिंग प्रणाली को फिलहाल मैनुअल रूप से जारी रखने का आग्रह भी स्वीकार कर लिया गया, जिसके लिए राज्य सरकार जल्द ही केंद्र को अपनी अंडरटेकिंग भेजेगी।

 

कीरतपुर-मंडी मार्ग पर स्पीड लिमिट 80 किमी प्रति घंटा, ऊना को मिलेगा नया NH नेटवर्क

सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में कीरतपुर-बिलासपुर-मंडी मार्ग पर वाहनों की गति सीमा को 60 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर सहमति बन गई है, जिससे यात्रियों के समय की भारी बचत होगी। इसके अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री ने अमृतसर-होशियारपुर नेशनल हाईवे को पंजाब-हिमाचल सीमा पर स्थित पंडोगा से झलेड़ा (ऊना) तक नेशनल हाईवे नेटवर्क से जोड़ने का पुरजोर आग्रह किया। इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जिससे ऊना और कांगड़ा क्षेत्र के व्यापार और आवाजाही को नई रफ्तार मिलेगी।

खबरें और भी हैं...