IIIT ऊना के 8वें दीक्षांत समारोह में बोले राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, बोले – हिमाचल की आपदाओं से निपटने को ऐसी तकनीक बनाएं जो पहले दे सटीक जानकारी

IIIT Una Convocation Ceremony 2026

IIIT Una: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने ट्रिपल आईटी (IIIT) ऊना के 8वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए युवा इंजीनियरों से राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल तकनीकी समाधान खोजने का आह्वान किया है। ऊना स्थित लता मंगेशकर कला केंद्र के सभागार में आयोजित इस गरिमापूर्ण समारोह में राज्यपाल ने कहा कि राज्य में बर्फबारी, भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए ऐसी आधुनिक तकनीक विकसित करने की सख्त जरूरत है, जो आपदा आने से पहले ही सटीक जानकारी दे सके ताकि समय रहते जन-धन के नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने स्नातकों से एआई, आईओटी, रोबोटिक्स और डेटा साइंस जैसी उन्नत तकनीकों का प्रयोग समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान में करने की अपील की।

अनुराग ठाकुर बोले- युवा ही भारत का भाग्य, कैप्टन विक्रम बत्रा के जज्बे को याद करने का आह्वान

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा भारत का भविष्य ही नहीं, बल्कि देश का भाग्य भी है। उन्होंने परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के अमर वाक्य “ये दिल मांगे मोर” का उल्लेख करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। वहीं राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार ने युवाओं को रोजगार चाहने वाले के बजाय ‘रोजगार सृजक’ (Job Creator) बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न में युवाओं की भागीदारी पर विशेष बल दिया गया।

206 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां: 53.6 लाख का हाईएस्ट पैकेज, 95.86% रहा प्लेसमेंट

दीक्षांत समारोह में कुल 206 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 189 बी.टेक. और एम.टेक. सीएसई (डेटा साइंस) के प्रथम बैच के 17 छात्र शामिल रहे। संस्थान के निदेशक प्रो. मनीष गौड़ ने प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि इस वर्ष बी.टेक. बैच का प्लेसमेंट रिकॉर्ड 95.86 प्रतिशत रहा, जिसमें अधिकतम पैकेज 53.6 लाख रुपये और औसत पैकेज 13.46 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा। मेधावी छात्रों को पदक देकर सम्मानित भी किया गया, जिसमें बी.टेक. सीएसई में वंश गाबा (9.21 CGPA), ईसीई में चंद्रादित्य परमार (9.43 CGPA), आईटी में अंशिका अरोड़ा व हर्ष यादव (9.19 CGPA) और एम.टेक. में अंकुर शर्मा (8.73 CGPA) ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

खबरें और भी हैं...