India News: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मिला सेशेल्स का संसदीय प्रतिनिधिमंडल, 175 मिलियन डॉलर के आर्थिक पैकेज व डिजिटलीकरण पर चर्चा

India News Vice President Meets Seychelles Delegation

India News: नई दिल्ली स्थित संसद भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सेशेल्स गणराज्य की नेशनल असेंबली की पहली महिला अध्यक्ष सुश्री अज़ारेल अर्नेस्टा के नेतृत्व में आए उच्चस्तरीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उपराष्ट्रपति ने सेशेल्स की आजादी और भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने फरवरी 2026 में भारत द्वारा सेशेल्स के लिए घोषित 175 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग ₹1460 करोड़) के विशेष आर्थिक पैकेज का जिक्र करते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के बीच विकास और सुरक्षा साझेदारी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।

 

राज्यसभा के डिजिटलीकरण व पेपरलेस मॉडल का अनुभव साझा करेगा भारत

संसदीय कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने पर चर्चा करते हुए उपराष्ट्रपति ने राज्यसभा सचिवालय में लागू की गई डिजिटलीकरण पहलों की जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यवाही के बहुभाषी रीयल-टाइम अनुवाद, पेपरलेस वर्किंग, साइबर सुरक्षा क्षमता निर्माण और डिजिटल आर्काइव्स (अभिलेखों) के बारे में बताया। श्री राधाकृष्णन ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली की जरूरतों के अनुसार भारतीय संसद का ज्ञान साझा करने, अध्ययन यात्राओं और अनुकूलित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के आयोजन की पेशकश की।

 

गुजराती और तमिल समुदाय मित्रता के मजबूत सेतु, योग भी बना जुड़ाव का जरिया

उपराष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच जन-जन के संबंधों की सराहना करते हुए सेशेल्स में रह रहे भारतीय समुदाय, विशेषकर गुजराती और तमिल प्रवासियों के ऐतिहासिक योगदान को सराहा। उन्होंने उल्लेख किया कि सुश्री अज़ारेल अर्नेस्टा स्वयं नियमित रूप से योग करती हैं, जो भारत और सेशेल्स के सांस्कृतिक जुड़ाव का एक सुंदर प्रतीक है। दोनों पक्षों ने भविष्य में संसदीय संस्थाओं के बीच निरंतर संवाद और घनिष्ठ सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।

खबरें और भी हैं...