ITI Hamirpur: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) हमीरपुर में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न ट्रेडों में रिक्त रह गई सीटों को भरने के लिए विशेष स्पॉट राउंड प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संस्थान प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार फैशन डिजाइन एंड टैक्नोलॉजी ट्रेड की 24 खाली सीटों, एसओटी एंब्रॉयडरी की 5 सीटों और इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक की 1 खाली सीट पर प्रवेश के लिए अवसर दिया जा रहा है। इन ट्रेडों में दाखिला लेने के इच्छुक अभ्यर्थी 7 सितंबर तक ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
आईटीआई हमीरपुर के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने बताया कि खाली सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। इस स्पॉट राउंड काउंसलिंग में नए अभ्यर्थी और पूर्व में पंजीकृत अभ्यर्थी दोनों ही भाग ले सकते हैं। नए अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संस्थान में पहुंचकर पोर्टल पर अपना नया पंजीकरण करवा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर उसी दिन मेरिट सूची तैयार की जाएगी, जिसके उपरांत दोपहर 2:00 बजे से स्पॉट काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।
काउंसलिंग के दौरान दस्तावेज और शुल्क जमा करना अनिवार्य
प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी आवश्यक मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र और फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। मेरिट के आधार पर सीट आवंटित होने पर अभ्यर्थियों को उसी समय निर्धारित संस्थान शुल्क जमा करवाकर अपनी प्रवेश औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी। सीटों और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 8219159133 या 9418684068 पर संपर्क कर सकते हैं।