HPU Recruitment: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) शिमला ने विभिन्न अध्ययन विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 26 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रदेश एवं विभिन्न राज्यों में खराब मौसम और विषम परिस्थितियों को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 22 सितंबर 2026 कर दिया है। शनिवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार एचपीयू के भर्ती पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 7 सितंबर थी, जिसे अब अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आगे बढ़ाया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑनलाइन आवेदन की तिथि के साथ-साथ आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी जमा करवाने की समय सीमा में भी राहत दी है। सामान्य क्षेत्रों से संबंधित अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय में जमा करवाने की अंतिम तिथि 22 सितंबर से बढ़ाकर 7 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। इस निर्णय से दूर-दराज के क्षेत्रों और अन्य राज्यों से आवेदन कर रहे सैकड़ों युवाओं को राहत मिलेगी।
हार्ड एरिया के अभ्यर्थियों को 19 अक्टूबर तक का अतिरिक्त समय
इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने जनजातीय एवं हार्ड एरिया क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए भी हार्ड कॉपी जमा करने की समय सीमा का विस्तार किया है। हार्ड एरिया के उम्मीदवारों के लिए अंतिम तिथि 4 अक्टूबर से बढ़ाकर 19 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। एचपीयू कुलसचिव कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी भर्ती विज्ञापन में दी गई अन्य सभी शैक्षणिक योग्यताएं, पात्रता मानदंड, नियम एवं शर्तें पूरी तरह पूर्ववत रहेंगी।