Chopal News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के अंतर्गत धगयाना स्थित आयुर्वेदिक औषधालय का भवन लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार होकर अत्यंत जर्जर हालत में पहुंच चुका है। देख-रेख के अभाव में अब यह सरकारी इमारत पूरी तरह ढहने की कगार पर है। भवन की खस्ताहाल स्थिति के कारण औषधालय में स्वास्थ्य लाभ लेने आने वाले स्थानीय ग्रामीण मरीजों और वहां तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा पर हर समय भारी खतरा मंडरा रहा है। छत और दीवारों की बदहाल स्थिति के बीच बेबस स्वास्थ्य कर्मियों को जोखिम उठाकर अपनी सेवाएं देने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे इस जर्जर भवन के जीर्णोद्धार और नए निर्माण के लिए कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभाग से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि किसी संभावित अप्रिय घटना या दुर्घटना से पहले औषधालय के नए भवन का निर्माण कार्य तुरंत प्रभाव से शुरू किया जाए। ग्रामीणों ने तीखा सवाल उठाया है कि इतने वर्षों से सरकारी तंत्र की नजर इस खस्ताहाल भवन पर क्यों नहीं पड़ी और क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?