Mandi News: कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर डयोड और हणोगी टनल इसी सप्ताह शुरू होने की उम्मीद, कुल्लू दशहरा और त्यौहारी सीजन में जाम से मिलेगी राहत

Mandi News Kiratpur Manali Fourlane Dyod Hanogi Tunnel

Mandi News: कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के तहत डयोड और हणोगी टनलों में इसी सप्ताह वाहनों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। प्राकृतिक आपदा और लगातार भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हणोगी टनल के मुहाने को करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षित किया गया है। हणोगी के पास लगातार दरकती पहाड़ी की चपेट में आने से टनल का मुहाना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद एनएचएआई (NHAI) ने ऑस्ट्रिया के विशेषज्ञ द्वारा सुझाई गई आधुनिक तकनीक के आधार पर सुरक्षा कार्य करवाया है। अब मुहाने को ब्यास नदी किनारे तक मजबूत किया जा रहा है, ताकि भविष्य में भूस्खलन से मार्ग को नुकसान न पहुंचे।

टनल का अंदरूनी कार्य पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। भीतर पेंटिंग पूरी कर ली गई है और लाइटें लगाने का काम अंतिम चरण में जारी है, जबकि बाहरी हिस्से में भी कार्य तेजी से निपटाया जा रहा है। टनल शुरू होने से कुल्लू-मनाली जाने वाले वाहनों को मौजूदा खतरनाक और जाम प्रभावित हाईवे से बड़ी राहत मिलेगी तथा पंडोह-हणोगी क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी कम होगा। आगामी त्योहारी सीजन और ऐतिहासिक कुल्लू दशहरा को देखते हुए इस टनल का संचालन अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

शुरुआती चरण में एक टनल से चलेगा दोतरफा यातायात: वरुण चारी

परियोजना निदेशक एनएचएआई वरुण चारी ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शुरुआती चरण में एक टनल से ही दोतरफा यातायात संचालित किया जाएगा। दूसरी टनल में शेष कार्य पूरा करने के लिए आवश्यकतानुसार यातायात को एक ही टनल से चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण एजेंसी को मार्ग शीघ्र अति शीघ्र यातायात के लिए तैयार करने के कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

खबरें और भी हैं...