Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मानसून की रफ्तार धीमी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 11 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर हालांकि बारिश की संभावना जताई है, लेकिन इस दौरान किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया है। मौसम विभाग के मानसूनी बारिश के आंकड़ों के अनुसार अगस्त में हिमाचल में सामान्य से आठ फीसदी कम बारिश हुई। जून से अब तक पूरे मानसून सीजन में सामान्य से नौ फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। बिलासपुर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, मंडी, सोलन और ऊना में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई।
सितंबर माह में अब तक प्रदेश में सामान्य से 24 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। कुल्लू और चंबा को छोडक़र बाकी 10 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। बिलासपुर में सितंबर की बारिश सामान्य से 217 फीसदी अधिक रही है। हिमाचल में मानसून सामान्य तौर पर सितंबर के अंत तक सक्रिय रहता है।