Kullu News: जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को बहुउद्देश्यीय भवन के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत ने की। बैठक में आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास सहित दिशा समिति के नामांकित सदस्य तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त गत बैठक में लिए गए निर्णयों एवं दिए गए सुझावों की अनुपालना की समीक्षा के साथ-साथ जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सांसद कंगना रणौत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए तथा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दिशा समिति की बैठक का उद्देश्य केवल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ धरातल पर लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने गत बैठक में लिए गए निर्णयों एवं सुझावों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडी) के तहत स्वीकृत धनराशि से किए जा रहे विकास कार्यों के क्रियान्वयन में प्लानिंग विभाग के प्रयासों की सराहना की तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा। कंगना रणौत ने कहा कि कुल्लू जिला में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, प्राकृतिक एवं जैविक खेती सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कृषि एवं बागवानी क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किसानों, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने जिले के स्थानीय एवं प्राकृतिक उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने, आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने तथा प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके सकारात्मक परिणाम धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आगामी दिशा बैठकों में योजनाओं के बजट एवं प्रगति के साथ-साथ उनके वास्तविक प्रभाव, उपलब्धियों तथा योजनाओं से लाभान्वित नए लोगों की संख्या पर आधारित प्रस्तुति देने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से कुल्लू जिला में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। सांसद ने कहा कि पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर परियोजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। बैठक में एनएच-305 सैंज-लुहरी-ओट मार्ग से संबंधित विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद कंगना रणौत ने पुलिस विभाग को नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिशा समिति की बैठक में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों को दिए गए सुझावों और दिशा-निर्देशों का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने, विशेषकर महिलाओं एवं बेरोजगार युवाओं को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग नियमित रूप से जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन भी उपलब्ध करवाएं।
बैठक में पशुपालन, कृषि, आत्मा, उद्यान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अग्रणी जिला बैंक, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, सड़क एवं परिवहन, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, एनएचएआई, शिक्षा, उद्योग, आरसेटी, कल्याण, आईसीडीएस, राजस्व, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, बीएसएनएल, मत्स्य, खादी एवं ग्रामोद्योग, नगर निकाय, प्लानिंग, युवा सेवाएं एवं खेल, खनन, पंचायती राज तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। इससे पहले कार्यवाहक उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत तथा समिति के नामांकित सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।