Himachal News: लाहौल-स्पीति के जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार डोगरा का हमीरपुर तबादला

10 घंटे पहले
केलांग में डीपीओ संजय कुमार डोगरा के तबादले पर आयोजित विदाई समारोह

रमेश कंवर: केलांग

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में महिला एवं बाल विकास विभाग में तैनात जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) संजय कुमार डोगरा का तबादला जिला हमीरपुर के लिए हो गया है। इस अवसर पर जिला मुख्यालय केलांग स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में एक विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संजय डोगरा को नई प्रशासनिक जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने संजय डोगरा के साथ काम करने के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने केलांग में उनके कार्यकाल के दौरान विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन, प्रशासनिक दक्षता और सहयोग के लिए उनका विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। संजय कुमार डोगरा ने 23 नवंबर 2023 को जिला कार्यक्रम अधिकारी (ICDS) के रूप में केलांग में अपना कार्यभार ग्रहण किया था।

अपने करीब दस महीने के कार्यकाल के दौरान संजय डोगरा ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और लगन से महिला एवं बाल विकास विभाग की कल्याणकारी योजनाओं को जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के दूरदराज इलाकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में आंगनवाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण से लेकर पोषण अभियान और बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा।

समारोह को संबोधित करते हुए निवर्तमान डीपीओ संजय कुमार डोगरा ने समस्त स्टाफ और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय और विषम परिस्थितियों वाले जिला लाहौल-स्पीति में काम करने का अनुभव उनके प्रशासनिक जीवन में सदैव स्मरणीय और अनमोल रहेगा। कार्यक्रम के अंत में विभाग के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें हमीरपुर जिले में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देकर विदा किया।

खबरें और भी हैं...