लाहौल-स्पीति के शाशूर में पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल: सुरक्षित लैंडिंग के साथ साहसिक पर्यटन को लगेंगे नए पंख, साइट अधिसूचना की प्रक्रिया तेज

Paragliding Successful Trial Shashur Keylong Lahaul Spiti News

रमेश कंवर: केलांग (लाहौल-स्पीति)

Lahaul Spiti News: जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में एडवेंचर टूरिज्म (साहसिक पर्यटन) को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। जिला मुख्यालय केलांग से लगभग छह किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध शाशूर (शांशा) पैराग्लाइडिंग साइट पर पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल संपन्न हुआ। ट्रायल के दौरान कुशल पायलट ने तय मानकों का पालन करते हुए निर्धारित लैंडिंग साइट पर सुरक्षित लैंडिंग की, जिसके बाद अब इस नई साइट को आधिकारिक रूप से अधिसूचित (Notified) करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

शांशा मठ के समीप हुए इस सफल ट्रायल के दौरान एसडीएम एवं जिला पर्यटन अधिकारी कुनिका एकर्स, पर्वतारोहण संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी, फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर गिमनर सिंह, एमओ डॉ. संजय दत्त, केलांग के पूर्व प्रधान सोनम जांगपो, स्थानीय पायलट टशी दावा तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस सफल परीक्षण के बाद लाहौल घाटी में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को पैराग्लाइडिंग का रोमांच अनुभव करने का एक नया गंतव्य मिल गया है।

 

साहसिक और धार्मिक पर्यटन का बेहतरीन संगम बनेगी शांशा साइट

एसडीएम एवं जिला पर्यटन अधिकारी कुनिका एकर्स ने कहा कि शांशा मठ के निकट पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल घाटी में पर्यटन विकास की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि यह साइट विकसित होने से साहसिक पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। पर्यटक आकाश में उड़ान भरने के साथ-साथ ऐतिहासिक व आध्यात्मिक शांशा मठ के दर्शन भी कर सकेंगे, जिससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही में भारी वृद्धि होगी।

 

स्थानीय युवाओं के लिए सृजित होंगे रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर

पर्यटन अधिकारी ने रेखांकित किया कि पैराग्लाइडिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों के शुरू होने से लाहौल के स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका के नए द्वार खुलेंगे। स्थानीय युवाओं को पैराग्लाइडिंग पायलट, गाइड, टूर ऑपरेटर, लोकल ट्रांसपोर्ट, होमस्टे और हॉस्पिटैलिटी सेवाओं के माध्यम से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जिससे घाटी की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

 

सुरक्षा मानकों का रखा जाएगा कड़ा ध्यान

जिला प्रशासन की ओर से लाहौल-स्पीति में साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुनिका एकर्स ने कहा कि पैराग्लाइडिंग का व्यावसायिक संचालन शुरू होने से पूर्व सभी तकनीकी मापदंडों और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और यादगार अनुभव मिल सके।

 

शाशूर मठ और आसपास के इलाकों में बढ़ेगी पर्यटन गतिविधियां

शाशूर (शांशा) क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत आध्यात्मिक वातावरण के लिए जाना जाता है। पैराग्लाइडिंग साइट के अधिसूचित होने के बाद इस पूरे बेल्ट में पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला प्रशासन जल्द ही कागजी औपचारिकताओं को पूरा कर इस साइट पर नियमित उड़ानों की अनुमति प्रदान करेगा।

खबरें और भी हैं...