Kullu News: मनाली और कसोल के होटल से महिला सहित पंजाब के 4 आरोपी चिट्टे के साथ गिरफ्तार

Himachal News

रमेश कंवर: कुल्लू 

Kullu News: कुल्लू जिले में पुलिस टीम ने मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए मनाली और कसोल के होटल व होम स्टे में औचक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कुल 54 ग्राम से अधिक चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया और एक महिला सहित पंजाब राज्य के रहने वाले चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पर्यटन नगरी मनाली और मणिकर्ण घाटी में हुई इस कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

 

पहला मामला: मनाली के गोंपा रोड में होटल से दो युवक गिरफ्तार

पहले मामले में डिटैक्शन सैल कुल्लू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मनाली के गोंपा रोड में एक होटल के कमरे में अचानक दबिश दी। पुलिस टीम द्वारा कमरे की गहन तलाशी लेने पर वहां ठहरे दो युवकों के कब्जे से 14.140 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मलकीत सिंह और बिक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के तरनतारन जिले के निवासी हैं।

 

दूसरा मामला: कसोल के होम स्टे में छापेमारी, बठिंडा की महिला और लुधियाना का युवक गिरफ्तार

दूसरे मामले में मणिकर्ण पुलिस थाना की टीम ने कसोल के एक होम स्टे में छापेमारी के दौरान वहां मौजूद युवक और युवती के पास से 40.86 ग्राम चिट्टा जब्त किया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी लक्ष्मी निवासी बठिंडा (पंजाब) और श्याम निवासी लुधियाना (पंजाब) को हिरासत में ले लिया।

 

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच तेज

कुल्लू पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी नशे की यह खेप कहां से खरीद कर लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी, ताकि इस पूरे नशा नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।

खबरें और भी हैं...