Hamirpur News: मटौर-शिमला फोरलेन पर बड़ा हादसा, हथली खड्ड में ढहा निर्माणाधीन पुल; जम्मू के मजदूर की मौत और 5 घायल

Himachal News

Hamirpur News: मटौर-शिमला नेशनल हाईवे फोरलेन निर्माण के तहत हमीरपुर जिले के चील वाहल से मसियाणा के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। शुक्रवार दोपहर बाद हथली खड्ड पर बन रहा 100 मीटर से अधिक लंबा निर्माणाधीन लोहे का पुल अचानक ढह गया। इस हादसे के दौरान पुल पर काम कर रहे 6 मजदूर करीब 100 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरे।

हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनएचएआई और पुलिस प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

 

जम्मू का रहने वाला था मृतक

हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान कमल के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच के अनुसार प्रभावित और घायल हुए सभी मजदूर मूल रूप से जम्मू के रहने वाले हैं। घटना के समय पुल की साइट पर करीब 8 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से 5 गंभीर रूप से घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

चश्मदीदों ने सुनाई दर्दनाक आपबीती

घटना के चश्मदीद देशराज ने बताया कि वे पास की पहाड़ी पर घास काट रहे थे, तभी अचानक जोर का धमाका हुआ और पुल का ढांचा टूटकर नीचे जा गिरा, जिसके साथ ही मजदूरों की चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़कर मलबे में दबे और खाई में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने में सहायता की। पुल ढहने के कारण खड्ड के दूसरी तरफ फंसे लोगों के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की।

 

पुलिस करेगी जांच

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया था और गहरी खाई में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों और घायलों को फौरी राहत सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं, पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञ इस बात की गहनता से जांच कर रहे हैं कि निर्माणाधीन पुल ढहने के पीछे क्या तकनीकी और ढांचागत कमियां रहीं।

खबरें और भी हैं...