Shimla News: घनाहट्टी के पास चिट्टे के साथ युवती समेत तीन गिरफ्तार

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस ने घनाहट्टी के नलहट्टी क्रॉसिंग के पास कार्रवाई करते हुए एक युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना और गश्त के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर यह सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई बीते कल 7 अक्टूबर को अंजाम दी गई। स्पेशल सेल की टीम नलहट्टी क्रॉसिंग के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन की गहन तलाशी लेने और उसमें सवार लोगों की चेकिंग करने पर करीब 10 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ, जिसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया।

 

शिमला, बिलासपुर और सोलन के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय निकिता दत्त निवासी शिमला, 25 वर्षीय यशपाल ठाकुर निवासी बिलासपुर और 34 वर्षीय ललित कुमार निवासी सोलन के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि वे यह नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

खबरें और भी हैं...