Himachal News: राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानीताल-मुबारिकपुर के बीच देहरा में ब्यास नदी पुल के समीप गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। यहां बीयर से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह जब बीयर से लदा ट्रक ब्यास पुल के समीप पहुंचा तो अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर ही पलट गया। हाईवे पर ट्रक पलटने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने सबसे पहले यह सुनिश्चित किया कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल तो नहीं हुआ है।
चालक को नींद की झपकी आने की आशंका
हादसे के वास्तविक कारणों का अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि सुबह के समय चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक के बयान दर्ज करने और विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के असल कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
एनएच पर बाधित हुआ यातायात, पुलिस कार्रवाई में जुटी
हादसे के कारण नैशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हाईवे से हटाने और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से सुचारू बनाने के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस ने घटना का संदर्भ लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।