Kinnaur Road Accident: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां भावा वैली मार्ग पर एक अनियंत्रित पिकअप गाड़ी लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में गाड़ी में सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कड़ा राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिले के भावा वैली सड़क मार्ग पर उस समय हुआ जब पिकअप गाड़ी में सवार दो युवक भावा वैली से वांगतू की ओर खाली क्रेट लेकर जा रहे थे। मृतकों की पहचान शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र के निवासी 37 वर्षीय दया और 24 वर्षीय उमेश के रूप में हुई है। पारिवारिक जानकारी के अनुसार दोनों मृतक शादीशुदा थे।
दुर्घटना स्थल बेहद सुनसान और दुर्गम होने के कारण शुरुआत में हादसे का किसी को पता नहीं चल सका। शनिवार को चौपाल निवासी सुनील कुमार ने अपनी पिकअप गाड़ी के लापता होने के संबंध में भावानगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही भावानगर पुलिस की टीम ने संबंधित सड़क मार्ग पर गहन खोजबीन और तलाशी अभियान शुरू किया।
6 घंटे के कड़े संघर्ष के बाद पुलिस की क्यूआरटी टीम ने निकाले शव
रविवार दोपहर को सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को सड़क से नीचे गहरी खाई में पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में दिखाई दी। खाई अत्यधिक गहरी और सीधी ढलान वाली होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) को तुरंत मौके पर बुलाया गया। राहत एवं बचाव दल के जवानों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में लगभग छह घंटे के कड़े संघर्ष के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के सटीक और वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।