CJP Protest: कनॉट प्लेस में ‘लेहरा दो तिरंगा’ से पहले अभिजीत दिपके और नेहा बोरा हिरासत में

राजधानी दिल्ली में CJP Protest को लेकर सियासी हलचल और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद नजर आ रही है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित होने वाले ‘लेहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके को एहतियातन हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई इलाके में लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों और मार्च की विधिवत अनुमति न मिलने का हवाला देते हुए की है। हिरासत में लिए जाने के दौरान अभिजीत दिपके ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह कनॉट प्लेस नहीं जा रहे हैं और अकेले हैं, लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी और हिरासत में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिजीत दिपके एनसीपी-एससीपी के प्रवक्ता अनीश गावंडे के आवास से निकलकर मार्च में शामिल होने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि कनॉट प्लेस क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं।

 

प्रदर्शन से पहले नेहा बोरा भी हिरासत में

दिल्ली पुलिस ने ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया। वह मंडी हाउस से मार्च का नेतृत्व करने की तैयारी कर रही थीं। पुलिस ने उन्हें मार्च शुरू करने से पहले हिरासत में लिया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है।

 

CJP Protest के मद्देनजर कनॉट प्लेस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

CJP द्वारा कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और प्रदर्शन करने की घोषणा के बाद नई दिल्ली नगरपालिका परिषद से इसकी अनुमति नहीं मिली थी। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल के साथ-साथ रैपिड एक्शन Force (RAF) के जवानों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा बल लगातार इलाके में फ्लैग मार्च और गश्त कर रहे हैं।

 

क्या कहती पुलिस प्रशासन

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि नियमों और फ्लैग कोड के प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर ड्यूटी के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों की निजी जानकारी, तस्वीरें और वीडियो साझा किए जाने पर भी चिंता जताई है और इसे अनुचित करार दिया है। इससे पहले भी पुलिस ने अभिजीत दिपके को नोटिस जारी कर सार्वजनिक शांति बनाए रखने और प्रतिबंधों का पालन करने के निर्देश दिए थे।

खबरें और भी हैं...