रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: राजधानी शिमला के लोअर चक्कर क्षेत्र में पुलिस की स्पेशल सेल ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। स्पेशल सेल की टीम ने एक आवासीय कमरे में आधी रात को अचानक दबिश देकर लगभग 56 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम को लोअर चक्कर स्थित एक कमरे में नशीले पदार्थों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 15 और 16 अक्टूबर की मध्यरात्रि को लक्षित कमरे में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां मौजूद 28 वर्षीय महिला, जिसकी पहचान हीना (निवासी जिला बिलासपुर) के रूप में हुई है, के कब्जे से 56 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
नशीले पदार्थ की बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी महिला को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और शिमला शहर में किसे सप्लाई किया जाना था। नशे की इस खेप के पीछे जुड़े पूरे मुख्य सप्लायर और स्थानीय नेटवर्क के तार खंगाले जा रहे हैं।