रमेश कंवर: मनाली
Kullu News: मनाली के अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान में पांच दिवसीय राज्यस्तरीय क्लाइंबिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ किया गया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग एसोसिएशन द्वारा पर्वतारोहण संस्थान के सहयोग से किया जा रहा है।
9वीं स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण शिविर का औपचारिक शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव अत्री ने किया। इस पांच दिवसीय आयोजन (18 से 22 अक्टूबर 2026) में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से लगभग 75 बच्चे और युवा भाग ले रहे हैं।
रॉक और वॉल क्लाइंबिंग के सीखेंगे गुर
इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं को रॉक क्लाइंबिंग के साथ-साथ वॉल क्लाइंबिंग की बारीकियां सिखाई जा रही हैं, जिसके उपरांत प्रतियोगिता के आधार पर उनका मूल्यांकन और परीक्षण भी किया जाएगा। आयोजन के समन्वयक एवं पर्वतारोहण संस्थान से सेवानिवृत्त स्की इंस्ट्रक्टर कंवर सिंह कंवर ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स क्लाइम्बिंग एसोसिएशन इससे पहले भी केलांग और धर्मशाला में इस तरह की सफल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर चुकी है।
साहसिक खेल चुनौतियों से लड़ने का हौसला पैदा करते हैं
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव अत्री ने कहा कि इस प्रकार के साहसिक खेल युवाओं में जीवन की कठिन चुनौतियों से लड़ने का हौसला पैदा करते हैं। इसके माध्यम से युवाओं का ध्यान सकारात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित होता है और वे नशे जैसी असामाजिक और बुरी आदतों से भी दूर रहते हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि धीरे-धीरे प्रदेश के युवाओं का रुझान एडवेंचर स्पोर्ट्स और क्लाइंबिंग की तरफ तेजी से बढ़ रहा है।