Shimla News: पूर्व एसपी संजीव गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं का मामला दर्ज

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: शिमला के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजीव गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी, सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज एफआईआर के अनुसार, पुलिस लाइन कैथू में तैनात एक कांस्टेबल की शिकायत के बाद यह विभागीय व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

शिकायतकर्ता कांस्टेबल का आरोप है कि उसने सरकारी कार्यों के संचालन के लिए अपनी जेब से 1,87,890 रुपये खर्च किए थे, परंतु बार-बार आग्रह के बावजूद उन्हें इस धनराशि का भुगतान नहीं किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने प्राथमिक जांच के बाद कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में विस्तार से बताया कि सरकारी ड्यूटी और विभागीय व्यवस्थाओं के तहत उसने कुल 1,87,890 रुपये का भुगतान अपनी जेब से किया था। सरकारी नियमों के तहत इस राशि की प्रतिपूर्ति होनी थी, लेकिन यह बिल पास नहीं किया गया और कांस्टेबल को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

 

पुलिस फंड से 2.35 लाख की कथित अवैध निकासी

शिकायत के आधार पर जब पुलिस विभाग के आंतरिक वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की गई, तो जिला पुलिस के एक फंड में बड़ी गड़बड़ी के संकेत मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीते लगभग दो वर्षों के दौरान इस फंड से 2.35 लाख रुपये की कथित अवैध निकासी की गई थी।

 

बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज

पुलिस थाना सदर शिमला में उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत औपचारिक अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब फंड के लेन-देन, बिल वाउचर और संबंधित बैंक खातों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

 

आरोपों की निष्पक्ष जांच में जुटा पुलिस विभाग

मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और पूर्व एसएसपी पर लगे आरोपों की पुष्टि के लिए विस्तृत तकनीकी व दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और ऑडिट रिपोर्ट के मिलान के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

 

खबरें और भी हैं...