Chamba News: रावी में गिरी पिकअप, युवक की दर्दनाक मौत

Chamba News: जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में शुक्रवार दोपहर को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। ढकोग-बन्नी मार्ग पर एक पिकअप अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई से सीधे रावी नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Chamba News: गुवाड़ी चौक के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे पेश आई। थला निवासी मुकेश कुमार (पुत्र अमर सिंह) अपनी पिकअप गाड़ी (HP-46-A-1853) में सवार होकर ढकोह से अपने घर तरेला की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह ढकोग-बन्नी सड़क पर गुवाड़ी चौक से करीब 300 मीटर आगे पहुंचे, तो मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे 400 मीटर नीचे बह रही रावी नदी में जा समाया।

 

मौके पर तोड़ा दम, वाहन चकनाचूर

हादसा इतना जबर्दस्त था कि पिकअप गहरी खाई में लुढ़कते हुए पूरी तरह चकनाचूर हो गई। पत्थरों से टकराने और रावी नदी में गिरने के कारण चालक मुकेश कुमार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से शव को खाई से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या मानवीय भूल से, इसकी तफ्तीश की जा रही है।

 

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मुकेश कुमार अपने पीछे बुजुर्ग माता, पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ और युवा सदस्य के अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक है।

खबरें और भी हैं...