Lahaul Spiti News: आरबीआई ने बैंकरों को सिखाए नकली नोट पहचानने के गुर, 70 बैंक अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

रमेश कंवर: केलांग

Lahaul Spiti News: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) चंडीगढ़ के निर्गम विभाग ने जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के सिस्सू में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में असली बैंकनोटों की सुरक्षा विशेषताओं, नोट वापसी नियमों तथा नकली भारतीय मुद्रा नोटों की पहचान की बारीकियों पर गहन प्रशिक्षण दिया गया।

इस प्रशिक्षण सत्र की मेजबानी आरबीआई चंडीगढ़ के निर्गम विभाग की टीम के साथ महाप्रबंधक संजय कुमार बागड़ी ने की। सत्र में भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक नवीन मिश्रा, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक जफर इकबाल, पंजाब नेशनल बैंक के उप महाप्रबंधक आर.सी. झा और हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक राजीव कुमार रंजन सहित विभिन्न बैंकों के करीब 70 अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।

 

नकली नोटों की पहचान और एनआरआर पर जोर

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने भारतीय मुद्रा की उन्नत सुरक्षा विशेषताओं, कटे-फटे व गंदे नोटों को बदलने संबंधी नोट वापसी नियमों और जाली नोटों को पहचानने की व्यावहारिक तकनीकों की जानकारी साझा की। इसका मुख्य उद्देश्य सुदूर व सीमांत क्षेत्रों में कार्यरत बैंक कर्मियों की कार्यक्षमता को मजबूत करना है, ताकि बैंकिंग प्रणाली में नकली मुद्रा के प्रसार को पूरी तरह रोका जा सके।

 

लाहौल और कुल्लू के बैंकों की भागीदारी

लाहौल-स्पीति के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) एवं एसबीआई अधिकारी सुनील कौंडल ने लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिलों के राष्ट्रीयकृत, निजी, क्षेत्रीय ग्रामीण और राज्य सहकारी बैंकों के कर्मचारियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।

खबरें और भी हैं...