Lahaul Spiti News: तिन्नो और जोबरंग में 1.83 करोड़ की दो सिंचाई योजनाएं जनता को समर्पित, 306 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ

रमेश कंवर: केलांग

Lahaul Spiti News: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जायका के तहत 1.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो वहाव सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण शनिवार को किया गया। विधायक अनुराधा राणा और परियोजना निदेशक डॉ. सुनील चौहान की गरिमामयी उपस्थिति में ग्राम पंचायत कोलोंग के तिन्नो गांव और ग्राम पंचायत जोबरंग के रापे व जोबरंग गांवों की सिंचाई योजनाओं को संबंधित कृषक विकास संघों को विधिवत हस्तांतरित किया गया।

इन दोनों योजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र की 81.37 हेक्टेयर उपजाऊ भूमि को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा मिलेगी और 306 कृषक परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

Lahaul Spiti News: कृषक विकास संघों को बांटी टूलकिट

कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुराधा राणा ने दोनों योजनाओं के हस्तांतरण प्रमाण-पत्र कृषक विकास संघों को सौंपे। इसके साथ ही कुहलों के नियमित रखरखाव और सुचारू संचालन के लिए किसानों को विशेष टूलकिट भी वितरित की गईं। विधायक ने कहा कि सिंचाई ढांचे के सुदृढ़ होने से घाटी के किसान पारंपरिक फसलों के साथ-साथ नकदी और उच्च मूल्य वाली फसलों (फसल विविधीकरण) को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

तिन्नो में 59.23 लाख से तैयार हुई योजना

ग्राम पंचायत कोलोंग के तहत तिन्नो गांव में ‘यारती वहाव सिंचाई योजना’ का निर्माण 59,23,164 रुपये की लागत से पूरा किया गया है। इसका निर्माण कार्य 10 जुलाई 2024 को शुरू होकर 31 मई 2025 को संपन्न हुआ। इस उप-परियोजना से तिन्नो गांव की लगभग 25.71 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे स्थानीय किसानों को बड़ी राहत मिली है।

जोबरंग योजना पर 1.24 करोड़ रुपये खर्च

वहीं, ग्राम पंचायत जोबरंग के अंतर्गत निर्मित वहाव सिंचाई योजना पर 1,24,02,591 रुपये व्यय किए गए हैं। इस वृहद योजना के माध्यम से 55.66 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी और क्षेत्र के 228 किसान परिवारों को सीधा लाभ पहुंचेगा। दोनों उप-परियोजनाओं का क्रियान्वयन जायका-ओडीए के अंतर्गत जिला परियोजना प्रबंधन इकाई मंडी और खंड प्रबंधन इकाई कुल्लू के माध्यम से सफलतापूर्वक किया गया है।

जोबरंग में जनसंवाद, 3 समस्याओं का मौके पर निपटारा

लोकार्पण के उपरांत विधायक अनुराधा राणा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और विकास संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की। इस दौरान जोबरंग में ग्रामीणों द्वारा उठाई गई तीन जनसमस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया। विधायक ने किसानों से जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने और कुहलों की उचित देखरेख का आह्वान किया।

खबरें और भी हैं...