Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने चार दिवसीय चंबा प्रवास के अंतिम दिन जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने तीसा, भटियात और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 656 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। दौरे के अंतिम चरण में शुक्रवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मैहला ग्राम पंचायत पहुंचे मुख्यमंत्री ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला के स्कूली बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के सहज जवाब दिए।
छात्र के सवाल पर साझा किया राजनीतिक अनुभव
मैहला स्कूल में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान बारहवीं कक्षा के छात्र चाणक्य ने मुख्यमंत्री से राजनीति में आने की प्रेरणा को लेकर सवाल पूछा। इस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि छात्र जीवन से ही उनके भीतर नेतृत्व करने की ललक थी और सरकारी नौकरी के प्रति उनका कभी कोई रुझान नहीं रहा। उन्होंने बताया कि वे अपने जीवन में पहले कक्षा प्रतिनिधि बने और फिर कॉलेज व विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में आगे बढ़े। इसके बाद वे नगर निगम पार्षद बने, चार बार विधायक रहे और आज जनता की सेवा करते हुए मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं।
छात्रा सुहानी की मांग पर स्कूल को मिले 2 करोड़ रुपये
संवाद के दौरान दसवीं कक्षा की छात्रा सुहानी ने स्कूल में कमरों की कमी और बैठने की असुविधा का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। छात्रा की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए मौके पर ही 2 करोड़ रुपये की राशि जारी करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मैहला स्कूल को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत अपग्रेड किया जा रहा है, जिसके लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि भी आवंटित की जाएगी।
‘मां मेरे जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा’
कार्यक्रम के दौरान चौथी कक्षा की एक नन्हीं छात्रा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि उन्हें जीवन में सबसे अधिक प्रेरणा किससे मिली। इस पर भावुक होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी माताजी उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा स्रोत रही हैं, जिन्होंने उन्हें सादगी, संघर्ष और सेवा के संस्कार दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में किसी भी मुकाम को हासिल करने के लिए कड़ी लगन, अनुशासन, निरंतर मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति को अपना आधार बनाएं।
तीसा, भटियात और भरमौर को 656 करोड़ का तोहफा
मुख्यमंत्री ने अपने चार दिवसीय चंबा प्रवास के दौरान दूरदराज के जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने तीसा (चुराह), भटियात और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 656 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और सिंचाई से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि चंबा के दुर्गम इलाकों में मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ कर प्रदेश के अन्य विकसित क्षेत्रों के समकक्ष लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।