Manali News: अलेऊ गांव में एक ही घर से महिला और व्यक्ति के संदिग्ध शव बरामद, इलाके में सनसनी; गहन जांच में जुटी पुलिस

Himachal News

रमेश कंवर: मनाली

Manali News: पर्यटन नगरी मनाली के समीपवर्ती अलेऊ गांव में एक ही घर के परिसर से संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला और एक व्यक्ति के शव मिलने से समूचे क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के पीछे चेरी के पेड़ के नीचे पड़ा मिला, जबकि व्यक्ति का शव मकान के भीतर एक कमरे में गद्दे पर संदिग्ध अवस्था में पाया गया। एक साथ दो लोगों की इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सूचना मिलते ही मनाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त विवरण के अनुसार, ग्राम पंचायत चचोगा के उपप्रधान जीवन ठाकुर ने अलेऊ गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस थाना मनाली को सूचित किया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घर के पीछे गौशाला से कुछ दूरी पर चेतना (44 वर्ष), पत्नी खेमराज, निवासी अलेऊ का शव चेरी के पेड़ के नीचे पड़ा हुआ था। पुलिस ने जब मौका-ए-वारदात का बारीकी से निरीक्षण किया तो पेड़ की टहनी पर एक रस्सी बंधी मिली और मृतका के गले पर भी फंदे जैसे निशान पाए गए।

 

बाहर जांच के दौरान घर के भीतर मिला दूसरा शव, पेचीदा हुआ मामला

पुलिस अभी आंगन और पेड़ के आसपास से महिला की मौत से जुड़े साक्ष्य एकत्र कर रही थी कि इसी दौरान घर के भीतर एक कमरे में अन्य व्यक्ति का शव होने की सूचना मिली। पुलिस कर्मियों ने तुरंत अंदर जाकर देखा तो जमीन पर बिछे गद्दे पर वेदराम (46 वर्ष), पुत्र बुधराम, निवासी ओल्ड मनाली मृत पड़ा हुआ था। प्रारंभिक मुआयने में वेदराम के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट, खरोंच या हाथापाई के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत का रहस्य और गहरा गया है।

 

सगाई समारोह से लौटे परिजनों के उड़े होश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजरें

परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि घटना के समय घर पर कोई नहीं था और परिवार के सभी सदस्य एक सगाई समारोह में भाग लेने के लिए कटराईं गए हुए थे। जब वे समारोह समाप्त कर वापस लौटे, तो घर के भीतर और बाहर शव देखकर सन्न रह गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल मनाली के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

 

खबरें और भी हैं...