Himachal News: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा नाहन-सराहां-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर उस समय हुआ, जब सवारियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि 30 वर्षीय एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो गाड़ी दाड़लाघाट से सिरमौर जिले के कमरऊ क्षेत्र की ओर जा रही थी। नेशनल हाईवे पर सफर के दौरान अचानक वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा लुढ़की। गाड़ी में 20 से 35 वर्ष आयु वर्ग के कुल 10 पुरुष सवार थे। दुर्घटना में 30 वर्षीय काकू की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मृतक के छोटे भाई राहुल सहित 9 अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हताहत हुए सभी लोग कमरऊ के खनलोग, पाखा और शिलाई क्षेत्र के टिकरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
5 गंभीर घायलों को नाहन मेडिकल कॉलेज किया रेफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 5 युवकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर व गहन चिकित्सा के लिए डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रेफर कर दिया है। शेष 4 घायलों का इलाज सराहां सिविल अस्पताल में चल रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक काकू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन के तकनीकी कारणों या चालक के नियंत्रण खोने सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत छानबीन की जा रही है।