रमेश कंवर: लाहौल-स्पीति
Lahaul Spiti News: भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर चलाए जा रहे विशेष ‘वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान’ के अंतर्गत जनजातीय जिला लाहौल एवं स्पीति में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में वीरवार को जिला मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत केलांग और ग्राम पंचायत खंगसर में विशेष वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लेकर बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाया।
पीएनबी और हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के अधिकारियों ने दी जानकारी
ग्राम पंचायत केलांग में पंजाब नेशनल बैंककेलांग द्वारा आयोजित जागरूकता शिविर में शाखा प्रबंधक सुशील कुमार तथा अग्रणी जिला प्रबंधक लाहौल एवं स्पीति सुनील कौंडल विशेष रूप से उपस्थित रहे। दूसरी ओर, ग्राम पंचायत खंगसर में हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक केलांग की ओर से शिविर का आयोजन किया गया, जहां शाखा प्रबंधक दिनेश ने ग्रामीणों को बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल लेनदेन और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी वित्तीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सुरक्षा बीमा, अटल पेंशन, जन-धन खाते और अदावाकृत राशि के निपटान पर विशेष फोकस
शिविरों के दौरान बैंक अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को बैंक खातों की री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने, प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत नए शून्य बैलेंस खाते खोलने, लंबे समय से निष्क्रिय पड़े बैंक खातों को पुनः सक्रिय करने तथा खातों में नामांकन दर्ज करवाने व संशोधन करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही, लावारिस एवं अदावाकृत जमा राशि के त्वरित निपटान और किसान क्रेडिट कार्ड योजना की पात्रता एवं लाभों के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
दुर्गम क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना अभियान का लक्ष्य
बैंक अधिकारियों ने बताया कि इन पंचायत स्तरीय शिविरों का मुख्य उद्देश्य जिले के दूरदराज और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को औपचारिक बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना है। 31 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को सरकारी बीमा व पेंशन योजनाओं से आच्छादित कर जिले में संपूर्ण वित्तीय समावेशन के लक्ष्य को हासिल करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।