रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला कुल्लू के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास कार्यों को रफ्तार देने के उद्देश्य से उपायुक्त कुल्लू की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अभिसरण समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों, ‘गैप फिलिंग फंड’, ग्राम विकास योजना के अनुमोदन और पात्र गांवों को ‘आदर्श ग्राम’ घोषित करने से संबंधित विभिन्न मदों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता और तेजी लाई जाए, ताकि पात्र गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
ऐसे मिलता है ‘आदर्श ग्राम’ का दर्जा
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत कुल्लू जिले के 31 गांव पहले ही ‘आदर्श ग्राम’ घोषित किए जा चुके हैं। निर्धारित नियमों के अनुसार, 70 या उससे अधिक ‘विलेज स्कोर’ प्राप्त करने वाले तथा खुले में शौच मुक्त गांवों को आदर्श ग्राम घोषित किया जा सकता है। इसी मापदंड को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले जिले के 4 अन्य पात्र गांवों को ‘आदर्श ग्राम’ का दर्जा प्रदान करने हेतु राज्य स्तरीय समिति को आवेदन भेजने का प्रस्ताव बैठक में रखा गया।
एसएनए स्पर्श पोर्टल से जारी हो रही राशि
बैठक में यह भी बताया गया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संबंधित पंचायतों द्वारा व्यय किए गए बिलों के आधार पर ‘एसएनए स्पर्श’ पोर्टल के माध्यम से धनराशि जारी की जा रही है। इस दौरान आवंटित और खर्च की गई राशि का पूरा विवरण प्रस्तुत किया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित पंचायत प्रधानों और सचिवों को निर्देश दिए कि जिन पंचायतों को राशि जारी की जा चुकी है, वे इसे ग्राम विकास योजना के अनुसार स्वीकृत कार्यों पर शीघ्र खर्च करें और योजना-वार उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करवाएं, ताकि अगली किस्त समय पर जारी की जा सके।
7 पंचायतों के 20 नए कार्यों के लिए VDP अनलॉक करने का प्रस्ताव
इसके अतिरिक्त, जिले की 7 ग्राम पंचायतों द्वारा पूर्व में अनुमोदित कुछ कार्यों को करवाने में असमर्थता जताते हुए उनकी जगह नए कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन कुल 20 कार्यों को पोर्टल पर अपडेट करने के लिए VDP अनलॉक करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने हेतु समिति के समक्ष रखा गया। बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं जिला कल्याण अधिकारी कुल्लू द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रधान और सचिव उपस्थित रहे।
Himachal News की ताजा खबरों और वीडियो अपडेट्स के लिए हमारे फेसबुक पेज Himachal News को फॉलो और YouTube चैनल Himachal News TV को Subscribe करें।