बर्फबारी और विंटर कार्निवाल के लिए शिमला प्रशासन का एक्शन प्लान तैयार: शहर 5 सेक्टर में विभाजित

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: शिमला में संभावित बर्फबारी और आगामी विंटर कार्निवाल के दौरान आम लोगों व पर्यटकों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को बहुआयामी तैयारी रखने तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने सभी कार्यालयों, स्कूलों और शिक्षण संस्थानों का सेफ्टी ऑडिट करवाने तथा सर्दियों में अलाव से होने वाली आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा छोहारा की 30, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतों (कुल 199 पंचायतों) व आपदा मित्रों को सुरक्षा किट प्रदान की गई हैं।

 

सभी एसडीएम बनाएं आकस्मिक योजना

अनुपम कश्यप ने सभी उपमंडल दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बैठक कर आर्मी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों से तालमेल बनाने तथा राशन, गैस सिलेंडर और डीजल का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी एसडीएम को बर्फबारी से निपटने हेतु आवश्यक वस्तुओं की सूची कल तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि इसे राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष उठाया जा सके।

 

25 से 31 दिसंबर तक विंटर कार्निवाल, रोजाना पहुंचेंगे करीब 12 हजार वाहन

उपायुक्त ने कहा कि 25 से 31 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल के दौरान प्रतिदिन शहर में लगभग 12 हजार वाहन पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अत्यधिक सतर्कता बरतने, शहर के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच करने तथा आवश्यकतानुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए।

 

बिजली-पानी और एंबुलेंस टायरों पर चेन की व्यवस्था

उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग, एसजेपिएनएल (शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड) और बिजली बोर्ड को अबाधित आपूर्ति रखने व वन क्षेत्रों से गुजरती बिजली लाइनों पर विशेष नजर रखने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस के टायरों पर चेन लगाने व दवाइयों का पूरा स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए, जबकि आपदा की सूचना के लिए 24×7 संचालित टोल फ्री नंबर 1077 जारी किया गया है।

 

बर्फबारी से निपटने के लिए 5 सेक्टर में बांटा गया शिमला शहर

प्रशासन ने शिमला को पांच सेक्टर में बांटा है: सेक्टर-1 में संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा व बल्देयां; सेक्टर-2 में ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथु, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल व एचपीयू शामिल हैं। सेक्टर-3 में टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस व विकास नगर; सेक्टर-4 में डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड व छोटा शिमला, ओक ओवर, यूएस क्लब, रिज, होली लॉज, जाखू, रिच माउंट, रामचंद्र चौक, केएनएच व हाईकोर्ट; तथा सेक्टर-5 में हिमाचल प्रदेश सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी व नव बहार को रखा गया है।

 

अस्पताल मार्गों को खोलना सर्वोच्च प्राथमिकता

बर्फबारी के दौरान सबसे पहले संजौली से आईजीएमसी, चम्याणा अस्पताल रोड, आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल, केएनएच से कार्ट रोड, राजभवन से ओक ओवर, होली लॉज से रिज-सचिवालय, बालूगंज से पीटरहॉफ-एजी ऑफिस, लिफ्ट से हाईकोर्ट-छोटा शिमला, कार्ट रोड से विक्ट्री टनल-सचिवालय व लक्कड़ बाजार-संजौली, कैनेडी चौक से अनाडेल, छोटा शिमला से कसुम्पटी-पंथाघाटी तथा मेहली से शोघी-टूटीकंडी मार्ग खोले जाएंगे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह सहित विभिन्न एसडीएम व विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...