रमेश कंवर: कुल्लू
BJP Himachal: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कुल्लू में आयोजित एक उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन की वास्तविक शक्ति केवल कमरों में होने वाली बैठकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरकर जनता के सुख-दुख का साथी बनना होगा और जनसमस्याओं के समाधान के लिए मुखर संघर्ष करना होगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ मैदान में डटना होगा और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
हर मंडल में प्रतिमाह हो जनहित के मुद्दों पर प्रदर्शन, बूथ स्तर तक बढ़े सक्रियता
बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब केवल कागजी बैठकों से काम नहीं चलेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडल स्तर पर हर महीने कम से कम एक प्रभावी जनप्रदर्शन आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चे युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और किसान मोर्चा सक्रिय होकर उन क्षेत्रों में आंदोलन खड़ा करें जहां जनता टूटी सड़कों, बंद होते स्कूलों, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और बिजली के बढ़े बिलों से परेशान है। हर मंडल को आगामी तीन प्रदर्शनों की रूपरेखा पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डिजिटल नेटवर्क को मजबूती और नियमित संगठनात्मक बैठकों का खाका
डिजिटल संवाद की महत्ता पर जोर देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर आईटी कार्यकर्ताओं की सक्रियता सुनिश्चित की जाए। बूथ स्तर के व्हाट्सएप ग्रुपों का नियमित संचालन हो और पार्टी के आधिकारिक पेजों व स्थानीय विकास कार्यों से जुड़ी डिजिटल सामग्री को आम जनता तक पहुंचाया जाए। संगठनात्मक अनुशासन के तहत उन्होंने निर्देश दिए कि हर महीने के पहले सप्ताह में जिला, दूसरे में मंडल, तीसरे में ग्राम केंद्र और चौथे सप्ताह के अंतिम रविवार को बूथ बैठकें आयोजित की जाएं। इन बैठकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने की परंपरा का भी अनिवार्य पालन हो।
जगत प्रकाश नड्डा के प्रस्तावित दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
बैठक में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रस्तावित कुल्लू दौरे को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई। डॉ. बिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से इस कार्यक्रम में ऐतिहासिक और अनुशासित कार्यकर्ता भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम आवास योजना और एम्स जैसे संस्थानों के माध्यम से हुए विकास कार्यों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
कांग्रेस सरकार पर हमला: 1500 रुपये की गारंटी और स्वास्थ्य सेवाओं पर मांगा जवाब
कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले जनता से झूठे वादे किए गए थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये देने की गारंटी के तहत 48 महीनों में 72,000 रुपये का बकाया बनता है, लेकिन सरकार यह स्पष्ट करे कि कितनी महिलाओं को इसका लाभ मिला है। उन्होंने चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था, हिमकेयर योजना के रुके भुगतान और बढ़ते कर्ज को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण से भाजपा वर्ष 2027 के चुनावों में पूर्ण बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।