Himachal News: बिलासपुर में फोरलेन पर पंजाब का युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार, टैक्सी में ला रहा था नशे की खेप

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मुस्तैदी दिखाते हुए पंजाब के एक युवक को चिट्टे (हेरोइन) के साथ धर दबोचा। आरोपी टैक्सी के जरिए नशे की यह खेप हिमाचल प्रदेश के भीतर सप्लाई करने की फिराक में था।

पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद 47.25 ग्राम चिट्टे को कब्जे में लेकर टैक्सी को जब्त कर लिया है और मामले की आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पुलिस थाना घुमारवीं के अधिकार क्षेत्र में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह के समीप मंदरीघाट लिंक रोड के पास विशेष नाका लगाया हुआ था। वाहनों की नियमित चेकिंग के दौरान टीम ने एक टैक्सी (HP 01K-0930) को जांच के लिए रुकवाया। टैक्सी में सवार युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर पुलिस टीम को उस पर शक हुआ। जब युवक की गहनता से तलाशी ली गई, तो उसके पास से 47.25 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

 

पंजाब के फरीदकोट का रहने वाला है आरोपी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान 23 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो बगदादी गेट फरीदकोट, तहसील व जिला फिरोजपुर (पंजाब) का स्थायी निवासी है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना घुमारवीं में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बाहरी राज्य से चिट्टा खरीदकर हिमाचल प्रदेश के युवाओं को बेचने के इरादे से ला रहा था।

 

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस: एसपी

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशा कहां से खरीदा गया था और हिमाचल में इसे किस-किस व्यक्ति को सौंपा जाना था। पुलिस टीम आरोपी के मोबाइल नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन के आधार पर बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि इस अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह में शामिल अन्य मुख्य तस्करों तक भी शिकंजा कसा जा सके।

खबरें और भी हैं...