शिमला (रमेश कंवर)
Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान बच्चों और स्थानीय लोगों से किए वायदों को पूरा करते हुए शिमला जिले के रोहड़ू और रामपुर क्षेत्रों को बड़ी सौगात दी है। रामपुर स्कूल में संवाद के दौरान एक छात्रा द्वारा मांगी गई नए स्कूल भवन की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए योजना विभाग ने 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही काशापाट स्कूल के नए भवन के निर्माण के लिए भी 2 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के हालिया प्रवास के दौरान स्थानीय जनता द्वारा रखी गई विभिन्न विकास संबंधी मांगों को पूरा करने के लिए 15.75 करोड़ रुपये की कुल धनराशि जारी की गई है। इस बजट से शिमला जिले के दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल, फुट ब्रिज, क्रैश बैरियर और अन्य आवश्यक अवसंरचनात्मक विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
रोहड़ू में सुंदरु खड्ड पुल के लिए 4 करोड़ और अंबेडकर भवन के लिए 50 लाख स्वीकृत
रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के तांगणू-जांगलिक पंचायत में स्थानीय निवासियों की मांग पर सुंदरु खड्ड पर पुल निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा बरशील पुल के लिए 1 करोड़ रुपये, शिशारा में फुट ब्रिज के लिए 25 लाख रुपये तथा रोहड़ू में अंबेडकर भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत कर लोक निर्माण विभाग को पत्र जारी कर दिया गया है।
रामपुर के काशापाट में क्रैश बैरियर और सड़क सुधार के लिए 4 करोड़ मंजूर
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के काशापाट क्षेत्र में परिवहन सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से धनदोल से काशापाट तक क्रैश बैरियर लगाने के लिए 2 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। साथ ही जबल से खाबल सड़क के सुधारीकरण कार्य और क्रैश बैरियर स्थापना के लिए भी 2 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
जन समस्याओं के त्वरित निवारण का सशक्त माध्यम बना ‘सरकार गांव के द्वार‘
‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम केवल जनसंवाद का माध्यम नहीं बल्कि आम जनता के द्वार पर ही समस्याओं का समाधान करने का एक प्रभावी तंत्र बनकर उभरा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की वाजिब मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की संवेदनशील कार्यशैली को रेखांकित करता है।