Himachal News: मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर के तहत आने वाले संगाहन (जुगाहन) गांव में हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में पार्ट टाइम कार्यरत एक 25 वर्षीय युवा कर्मचारी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान देवेन्द्र कुमार (25), पुत्र निवासी गांव संगाहन (जुगाहन), तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक देवेंद्र रविवार शाम को बाहर से घूमकर घर लौटा था और सीधे अपने कमरे में चला गया। इसके बाद रात लगभग 8 बजे जब परिवार के सदस्य किसी काम से उसके कमरे में पहुंचे, तो देवेंद्र को फंदे से लटका हुआ पाया।
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
फंदे पर लटका देख परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत देवेंद्र को नीचे उतारकर लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए इस हादसे से मृतक के गांव और पूरे सुंदरनगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा चमन लाल के बयान दर्ज कर लिए हैं, जिसमें परिजनों ने किसी भी प्रकार की साजिश या किसी व्यक्ति पर संदेह होने से साफ इनकार किया है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सीआरपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।