Himachal News: कुल्लू और बंजार को सीएम सुक्खू ने दी 206 करोड़ रुपये की सौगात, 25 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास

रमेश कंवर: कुल्लू

Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले के प्रवास के दौरान कुल्लू और बंजार विधानसभा क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार देते हुए 206.32 करोड़ रुपये की 25 अहम विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। इन विकास कार्यों में बंजार विधानसभा क्षेत्र के लिए 141.32 करोड़ रुपये लागत की 21 परियोजनाएं और कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के लिए 65 करोड़ रुपये लागत की पांच प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से घाटी में सड़क संपर्क, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य अधोसंरचना और शहरी सुविधाओं का कायाकल्प होगा।

कुल्लू और बंजार में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरदराज और ग्रामीण इलाकों के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाकर स्थानीय जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

 

पिरड़ी पुल, सब-स्टेशन और वेलनेस सेंटर की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के पिरड़ी में पिरड़ी-तरलोगी मार्ग पर बनने वाले 110 मीटर लंबे पुल का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इसके साथ ही क्षेत्र में विद्युत ढांचे को मजबूती देने के लिए मोहल में बनने वाले 33 केवी सब-स्टेशन तथा कुल्लू में तैयार होने वाले जीआईसी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया। वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए शास्त्री नगर में निर्मित होने वाले अत्याधुनिक वेलनेस सेंटर की आधारशिला भी रखी।

 

रौ-नाला की बहुमंजिला पार्किंग का लोकार्पण

बंजार विधानसभा क्षेत्र के बजौरा में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-चार) के अंतर्गत करोड़ों रुपये की सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इनमें धारा बरसोगी सड़क थेला जस्ता परली मार्ग, बरनगी से मस्यार मार्ग, सिधवा गौरीगढ़ से थनिचर मार्ग, बरनगी-चिपनी मार्ग और नजन नाला से नजन रोड शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत बंजार के रौ-नाला में तैयार हुई बहुमंजिला पार्किंग का विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।

 

इन सड़कों को हरी झंडी

बंजार क्षेत्र के दुर्गम गांवों को जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने देउरी – सुनाड़ सड़क, डिंबर चहरी से गशीणी सराज सड़क बठाड़ से शील श्रृंगाड सड़क, जीभी रशाला सरठी सड़क और गुशैणी पेखड़ी सड़क से तिन्दर गांव अहम परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही बागी कोठी-चौहनी से मियागी सड़क चलेहण से देवगढ़ सड़क देउठा से ज्वाली सड़क गलवाधार से राम्भी सड़क टील से बछुट सड़क बलागाड़ से भरठीधार मंढी संपर्क सड़क बीणी से खंदरागी सड़क और घरटगाड़ से कड़ाहील सड़क का काम शुरू करने को मंजूरी दी। इसके अलावा गुशैणी में 33 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास भी किया गया।

खबरें और भी हैं...