Himachal Weather: हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, जनजातीय इलाकों में शून्य से नीचे पहुंचा पारा, मैदानी इलाकों में 32 डिग्री पार

Himachal Weather

रमेश कंवर: शिमला

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां जनजातीय और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में पारा लुढ़ककर शून्य के करीब पहुंच गया है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में दोपहर के समय अब भी गर्मी का अहसास बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 24 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है।

 

Himachal Weather: चोटियों पर कड़ाके की ठंड

प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान शून्य से 10 डिग्री के बीच आ गया है। मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में रात का पारा 6 से 17 डिग्री और मैदानी भागों में 11 से 19 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। पहाड़ों पर सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि निचले इलाकों में दिन का तापमान 27 से 32 डिग्री के बीच बने रहने से धूप में चुभन बरकरार है।

 

24 अक्टूबर से करवट लेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इसके असर से 24 और 25 अक्टूबर को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट बदलेगा। अधिक ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी और कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश के आसार बन रहे हैं।

 

इन जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

पूर्वानुमान के मुताबिक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले हिस्सों में 24 और 25 अक्टूबर को बर्फ के फाहे गिर सकते हैं। वहीं शिमला और मंडी जिले के कुछ इलाकों के साथ निचले मैदानी क्षेत्रों में भी 24 अक्टूबर को हल्की बारिश होने की संभावना है।

 

तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी के बाद अगले दो से तीन दिनों में पारे में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान जताया है। वहीं दिन के अधिकतम तापमान में भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी, जिससे पूरे प्रदेश में ठंड का असर तेज हो जाएगा।

 

फिलहाल किसी अलर्ट की चेतावनी नहीं

मौसम केंद्र ने 22 से 28 अक्टूबर तक के बुलेटिन में प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश या आंधी-तूफान का कोई अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम में यह बदलाव सीमित और स्थानीय स्तर पर रहेगा, हालांकि चोटियों की ओर रुख करने वाले सैलानियों और स्थानीय लोगों को ठंड से बचाव की हिदायत दी गई है।

खबरें और भी हैं...