बड़ा भंगाल ट्रैक पर गए 5 ट्रैकर लापता, खराब मौसम के बीच 12 घंटे से संपर्क कटा

Kangra News

Kangra News: कांगड़ा जिले के अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल ट्रैक पर गए 5 ट्रैकर लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि 5 लोग थमसर पास से होकर बड़ा भंगाल के लिए निकले थे, जिनसे पिछले 12 से ज्यादा घंटों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

सभी ट्रैकर्स को 5 अक्तूबर को ही थमसर पास पार कर बड़ा भंगाल पहुंचना था, लेकिन उसी दिन क्षेत्र में अचानक मौसम बेहद खराब हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि वे थमसर पास के आसपास कहीं फंसे हो सकते हैं।

 

लापता ट्रैकर्स में 28 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा शामिल

लापता हुए सभी ट्रैकर्स की उम्र 28 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। लापता ट्रैकर्स की पहचान अंकुर मालानी, सत्यम साबू, पवन, श्याम आर और तरुण राठी के रूप में हुई है। इन सभी के लापता होने की सूचना बुधवार रात 11 बजे परिजनों और स्थानीय लोगों को मिली। इसके बाद से ही परिजनों में भारी चिंता और अनहोनी की आशंका का माहौल बना हुआ है।

 

5 अक्तूबर को थमसर पास पार करते समय बिगड़ा था मौसम

ट्रैकिंग रूट की जानकारी रखने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि 5 अक्तूबर को थमसर पास और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक तेज बर्फबारी और भारी बारिश हुई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि खराब मौसम और दृश्यता शून्य होने के कारण वे मार्ग भटक गए होंगे या सुरक्षित स्थान पर शरण लेकर फंसे होंगे, हालांकि नेटवर्क न होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

 

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सर्च ऑपरेशन में चुनौती

थमसर पास और बड़ा भंगाल का इलाका बेहद दुर्गम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाला माना जाता है। इस पूरे रूट पर मोबाइल सिग्नल और कनेक्टिविटी की व्यवस्था बेहद सीमित है। प्रशासन और पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है ताकि स्थानीय गाइडों और बचाव टीमों की मदद से खोजबीन अभियान शुरू किया जा सके।

 

परिजनों और स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता, रेस्क्यू टीम भेजने की मांग

लापता ट्रैकर्स का कोई सुराग न मिलने के कारण परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की गुहार लगाई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि मौसम में सुधार होता है तो खोज एवं बचाव दल को तुरंत थमसर पास की ओर रवाना किया जाना चाहिए ताकि फंसे हुए ट्रैकर्स को सकुशल निकाला जा सके।

खबरें और भी हैं...