Kangra News: कांगड़ा जिले के अति दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र के थमसर पास पर लापता हुए पांचों ट्रेकर्स को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी ट्रेकर्स की लोकेशन सफलतापूर्वक ट्रेस कर ली है और वे पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। लोकेशन ट्रेस होने के बाद अब प्रशासन और बचाव दल उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए मौके पर पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। परिजनों और स्थानीय प्रशासन ने ट्रेकर्स के सुरक्षित होने की सूचना के बाद राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, मौसम में थोड़ा सुधार होने के बाद ट्रेकर्स की लोकेशन ट्रेस की जा सकी है। दोपहर तक ट्रेकर्स के मोबाइल सिग्नल क्षेत्र में पहुंचने और उनसे सीधा संपर्क स्थापित होने की उम्मीद जताई गई है। बताया जा रहा है कि लापता हुए सभी पांचों ट्रेकर्स राजस्थान के रहने वाले हैं। थमसर पास का इलाका बेहद दुर्गम और बर्फबारी के कारण चुनौतीपूर्ण होने की वजह से बचाव दल को उन तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
28 से 35 वर्ष आयु वर्ग के हैं पांचों युवा ट्रेकर्स
लापता हुए पांचों युवाओं की उम्र लगभग 28 से 35 वर्ष के बीच है। सुरक्षित पाए गए ट्रेकर्स की पहचान अंकुर मालानी, सत्यम साबू, पवन, श्याम आर. और तरुण राठी के रूप में हुई है। ये सभी युवा थमसर पास पार कर बड़ा भंगाल की ओर जा रहे थे, लेकिन 5 अक्तूबर को अचानक मौसम खराब होने और भारी बर्फबारी के कारण मार्ग में फंस गए थे और उनका संपर्क टूट गया था।
दुर्गम परिस्थितियों के बीच तेजी से आगे बढ़ रहा है बचाव दल
थमसर पास और बड़ा भंगाल की भौगोलिक स्थितियां अत्यंत कठिन हैं। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम ट्रेकर्स तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि बचाव दल के ट्रेकर्स तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित नीचे लाने के बाद ही उनकी स्वास्थ्य स्थिति और आगे की कार्रवाई की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।