Kangra News: कांगड़ा जिले के जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डाडासीबा वन परिक्षेत्र के कहानपुर में वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त के दौरान टीम ने नाकेबंदी कर प्रतिबंधित लकड़ी से लदे एक पिकअप ट्राले को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक लकड़ी के परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका। इसके बाद विभाग ने पिकअप ट्राले को कब्जे में लेकर कानूनी जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन खंड अधिकारी मलकीत सिंह की अगुवाई में वन विभाग की टीम शुक्रवार अलसुबह कहानपुर क्षेत्र में नियमित चैकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप ट्राला वहां से गुजरा, जिसे टीम ने तुरंत रोक लिया। जब वाहन की गहनता से तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध रूप से काटी गई प्रतिबंधित लकड़ी लदी पाई गई। चालक से कागजात मांगने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
वन खंड अधिकारी मलकीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त की गई लकड़ी लपियाणा वन रेंज के अंतर्गत आने वाले वन क्षेत्र से काटी गई है। विभाग अब इस बात की पड़ताल कर रहा है कि यह लकड़ी किस बीट से काटी गई थी, इसे कहां सप्लाई किया जाना था और इस अवैध धंधे के पीछे कौन-कौन से तस्कर शामिल हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने की कार्रवाई की पुष्टि
मामले की पुष्टि करते हुए डाडासीबा वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि अवैध लकड़ी परिवहन के मामले में पिकअप को जब्त कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में अवैध कटान व तस्करी रोकने के लिए गश्त और बढ़ा दी गई है।