रमेश कंवर: केलांग
Keylong News: जिला मुख्यालय केलांग स्थित डीसी कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को दिशानिर्देश जारी किए गए।
सड़क इंजीनियरिंग, ब्लैक स्पॉट्स सुधार और आपातकालीन सेवाओं पर चर्चा
बैठक में सड़क इंजीनियरिंग के तहत सड़क की ज्यामितीय संरचना, जंक्शन प्रबंधन, डेलीनेटर और सड़क किनारे सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त आपातकालीन सेवाओं के तहत ‘गोल्डन ऑवर’ और एंबुलेंस सेवाओं को मजबूत करने पर बल दिया गया। चिन्हित दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर की गई कार्रवाई का जायजा लेते हुए ओवरस्पीडिंग और मानवीय त्रुटियों के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम पर विचार
यातायात प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सर्विलांस कैमरों, स्पीड एवं नंबर प्लेट डिटेक्शन सेंसर और रोडसाइड फोन लगाने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आपातकालीन एवं पेट्रोलिंग इकाइयों के त्वरित प्रेषण के लिए एक समर्पित कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित करने जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
‘सड़क सुरक्षा मित्र‘ योजना के तहत 18 से 28 वर्ष के युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
सड़क सुरक्षा जागरूकता को बढ़ाने के लिए ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ (एसएसएम) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रशिक्षित करने की योजना बनाई गई है। ये युवा जिला सड़क सुरक्षा समितियों के साथ मिलकर काम करेंगे। इसके साथ ही व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस, स्पीड लिमिटिंग डिवाइस, स्कूल जोन सुरक्षा और दुर्घटना-मुक्त वाहन चालकों को सुरक्षा पुरस्कार देकर प्रोत्साहित करने का निर्णय भी लिया गया।
पुलिस, प्रशासनिक और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। सड़क अवसंरचना, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा अवरोधकों की कमी को जल्द दूर करने को कहा गया। बैठक में उपमंडल दंडाधिकारी कुनिका ऐकर्स, डीएफओ इंद्रजीत सीरा, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, उप पुलिस अधीक्षक के डी शर्मा, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सूर्या शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अश्वनी गुलेरिया, तहसीलदार विकास कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. गांधी और आरएम एचआरटीसी अंशित शर्मा मौजूद रहे।