Kullu News: भुट्टिको परिसर में मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, सत्य प्रकाश ठाकुर ने अहिंसा और स्वावलंबन का दिया संदेश

3 सप्ताह पहले

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कुल्लू स्थित भुट्टिको परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भुट्टिको सहकारी सभा के अधिकारियों, कर्मचारियों और बुनकरों ने राष्ट्रीय पर्व को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री एवं भुट्टिको अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए सत्य प्रकाश ठाकुर ने महात्मा गांधी की विचारधारा, अहिंसा परमोधर्म के सिद्धांत और स्वदेशी आंदोलन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों, अधिकारियों और बुनकरों से गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

 

गांधी जी के योगदान को किया याद

सत्य प्रकाश ठाकुर ने बताया कि जब महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका में वकालत कर रहे थे, तब वहां अश्वेत लोगों पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई। भारत लौटने के बाद उन्होंने अंग्रेजों के शोषण के खिलाफ पूरे देश को एकजुट किया। उनके द्वारा चलाए गए जन आंदोलनों के परिणामस्वरूप अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा और देश स्वतंत्र हुआ।

 

लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्ष को याद करते हुए सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि शास्त्री जी ने बचपन में बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उनकी कड़ी मेहनत, लगन और सत्यनिष्ठा के बल पर ही वे देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे। उन्होंने वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शास्त्री जी के मजबूत नेतृत्व और भारत को मिली ऐतिहासिक विजय का विशेष उल्लेख किया।

 

स्व. वेदराम ठाकुर के दूरदर्शी विचारों और सहकारिता मॉडल की सराहना

भुट्टिको की सफलता का श्रेय देते हुए सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि संस्था आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसके पीछे स्व. वेदराम ठाकुर के दूरदर्शी विचार और आदर्श हैं। उनके दिखाए रास्ते के कारण ही भुट्टिको में सहकारिता की मजबूत भावना जागृत हुई है। आज सभी अधिकारी, कर्मचारी और बुनकर सदस्य एक परिवार की तरह एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं।

 

भुट्टिको परिवार ने विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में भुट्टिको के सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों और बुनकर सदस्यों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सभा के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, मोहर सिंह, निदेशक मंडल के सदस्य इंदिरा देवी, आत्मा राम, मदन लाल, सोहन सिंह, मुख्य महाप्रबंधक सूरती देवी, मुख्य सलाहकार रमेश ठाकुर, महाप्रबंधक किशन ठाकुर, दिनेश ठाकुर तथा सहायक अभियंता अनुज ठाकुर सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...