रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: कुल्लू और मनाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मनाली उप-मंडल के अंतर्गत बेली ब्रिज से नए एनएचएआई ब्रिज तक के मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा, जिला मुख्यालय कुल्लू में सर्किट हाउस से मियां बेहड़ तक की सड़क को प्रारंभिक तौर पर 30 दिनों के लिए ‘नो पार्किंग जोन’ घोषित किया गया है, ताकि आपातकालीन वाहनों और आम जनता को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मनाली में अधूरा निर्माण कार्य पूरा करने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट
मनाली के एसडीएम द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, मनाली में बेली ब्रिज से नए एनएचएआई ब्रिज तक इंटरलॉक पेवर ब्लॉक बिछाने का अधूरा कार्य दोबारा शुरू किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग मनाली उप-मंडल के सहायक अभियंता की रिपोर्ट और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह मार्ग 12 अक्तूबर से 16 अक्तूबर तक वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान यातायात को एनएचएआई ब्रिज से एनएच-03 पीडब्ल्यूडी के बेली ब्रिज से एमडीआर-29 मार्ग की तरफ डायवर्ट किया गया है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करने का अनुरोध किया है।
कुल्लू में सर्किट हाउस से मियां बेहड़ तक का मार्ग 30 दिन के लिए नो पार्किंग जोन
दूसरी ओर, जिला प्रशासन कुल्लू ने सर्किट हाउस से शेर सिंह की दुकान (मियां बेहड़) तक के सड़क मार्ग को 16 अक्तूबर से 15 नवंबर 2026 तक यानी 30 दिनों के लिए ‘नो पार्किंग जोन’ घोषित कर दिया है। उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 117 के तहत यह अधिसूचना जारी की गई है। प्रशासन का कहना है कि यह सड़क मार्ग संकरा होने के कारण किनारे खड़े होने वाले वाहनों से अक्सर ट्रैफिक जाम हो जाता था, जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ एंबुलेंस और दमकल वाहनों जैसे आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में भारी बाधा आती थी।