रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कुल्लू बस अड्डे से 15 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और हिमाचल प्रदेश को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विधायक ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इन आधुनिक और इको-फ्रेंडली बसों के संचालन से कुल्लू-मनाली घाटी के पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने में बड़ी मदद मिलेगी। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी आरामदायक, सुरक्षित और धुआं-रहित सफर की बेहतर सुविधा मिलेगी।
सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि यह सभी 15 बसें अत्याधुनिक जीपीएस सिस्टम और सुरक्षा तकनीकों से लैस हैं, जिन्हें जिले के विभिन्न लोकल और प्रमुख रूटों पर चलाया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि कुल्लू डिपो में पहले से ही 17 इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं, और अब 15 नई बसों के शामिल होने से कुल्लू डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 32 हो गई है। इस बड़ी सौगात के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि एचआरटीसी का कुल्लू डिपो देश भर में सरकारी परिवहन व्यवस्था में सर्वाधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाने वाला पहला डिपो बन गया है, जो प्रदेश में सबसे अधिक लाभ कमाने वाला डिपो भी है। उन्होंने बताया कि पीज के लिए बनने वाले नए रोपवे से कुल्लू बस अड्डे का महत्व और अधिक बढ़ जाएगा। इसके अलावा, आगामी एक महीने के भीतर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद व प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए जाएंगे।
समारोह में डीडीएम डी.के. नारंग ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर, आरटीओ आकांक्षा शर्मा, जिला रेड क्रॉस सचिव चंद्र केश शर्मा, एचआरटीसी डीडीएम मंडी उत्तम सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी केलांग अंशित शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।