रमेश कंवर: कुल्लू
Kullu News: जिला मुख्यालय कुल्लू स्थित डीआरडीए हॉल में मंगलवार को पेंशनर फेडरेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर ने की।
बैठक के दौरान पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के समक्ष वरिष्ठ नागरिकों की कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें कुल्लू शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आवारा पशुओं व आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाने, शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा सड़कों व फुटपाथों की तत्काल मरम्मत कराने के विषय प्रमुखता से शामिल रहे। इसके अलावा, फेडरेशन ने सरकारी व निजी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर इलाज सुविधाएं देने और क्षेत्र में फैल रहे नशे के दुष्प्रभावों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने पेंशनरों की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर मौजूद विभिन्न विभागाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने को कहा ताकि पेंशनरों को सहूलियत मिल सके।
इस बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, अधिशाषी अभियंता बी. एस. नेगी, जिला पंचायत अधिकारी दयाराम ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा सहित पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।