रमेश कंवर: केलांग
Lahaul Spiti News: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार 11 से 14 सितंबर तक लाहौल-स्पीति और पांगी के प्रवास पर रहेंगे। उनके इस चार दिवसीय संगठनात्मक प्रवास को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम के अनुसार, 11 सितंबर को डॉ. सिकंदर कुमार सड़क मार्ग से शिमला से मनाली पहुंचेंगे। अगले दिन 12 सितंबर को वह मनाली से जाहलमा होते हुए उदयपुर पहुंचेंगे, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे भाजपा उदयपुर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। उदयपुर में बैठकों के पश्चात वे पांगी में शौर पंचायत द्वारा आयोजित विशेष स्वागत कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
अपने प्रवास के तीसरे दिन 13 सितंबर को डॉ. सिकंदर कुमार प्रसिद्ध मिठल माता मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे पांगी मंडल की संगठनात्मक बैठक में भाग लेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व क्षेत्र के प्रमुख लोगों के साथ संवाद करेंगे। दौरा संपन्न करने के पश्चात वे पांगी से मनाली होते हुए 14 सितंबर को वापस शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।
पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने बताया कि प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार के इस महत्वपूर्ण प्रवास को लेकर संगठन स्तर पर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ आगामी सांगठनिक विषयों, गतिविधियों और स्थानीय ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।