रमेश कंवर: मनाली
Manali News: हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में साहसिक पर्यटन और पर्यटन व्यवसाय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने एक ऐतिहासिक पहल की है। एसोसिएशन द्वारा सोलंगनाला में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर का ‘एक्यूरेसी प्री पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप’ आयोजित किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत सहित विभिन्न देशों के शीर्ष पैराग्लाइडिंग पायलट अपनी निपुणता और हवा में करतब का प्रदर्शन करेंगे।
मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद ठाकुर ने प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह खेल आयोजन 5 से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसके सफल संचालन के लिए तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अब तक विभिन्न देशों के 65 पैराग्लाइडिंग पायलटों ने अपना पंजीकरण करवा लिया है, जिनमें 4 महिला पायलट भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक एथलीट 25 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शर्त यह है कि प्रतिभागी पायलट फेडरेशन एयरोनॉटिक इंटरनेशनल (FAI) से मान्यता प्राप्त होने चाहिए।
अध्यक्ष वेद ठाकुर ने बताया कि यह FAI श्रेणी-2 की आधिकारिक प्रतियोगिता होगी, जिसमें विश्व भर से 100 से अधिक अनुभवी पैराग्लाइडिंग पायलटों के उतरने की संभावना है। इस अंतरराष्ट्रीय इवेंट में तीन अलग-अलग श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में भारतीय वायु सेना, भारतीय थल सेना और विभिन्न अर्धसैनिक बलों की विशेषज्ञ पैराग्लाइडिंग टीमें भी अपना कौशल दिखाने के लिए मैदान में उतरेंगी।
बीड़ बिलिंग के बाद अब सोलंगनाला में अंतरराष्ट्रीय पहचान, पर्यटन विभाग और परियोजनाओं का मिल रहा सहयोग
मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के चेयरमैन प्रेम चंद ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अब तक पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप का आयोजन केवल कांगड़ा जिले के बीड़ बिलिंग में ही होता रहा है। लेकिन इस बार एसोसिएशन ने पहली बार मनाली के सोलंगनाला में इस बड़े इवेंट को आयोजित करने का बीड़ा उठाया है। इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए पर्यटन विभाग और स्थानीय विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं का सक्रिय सहयोग लिया जा रहा है। इस आयोजन से मनाली में पर्यटन व्यवसाय को एक नया मुकाम और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।