MP Kangna Ranaut: मंडी में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, सांसद कंगना रनौत बोलीं- हादसों को रोकने के लिए रील्स और इन्फ्लुएंसर्स का करें इस्तेमाल

MP Kangna Ranaut

MP Kangna Ranaut: मंडी में आयोजित संसदीय क्षेत्र सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद कंगना रनौत ने बढ़ते सड़क हादसों पर गहरी चिंता व्यक्त की। बैठक में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियानों को महज औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि जनभागीदारी के साथ इन्हें निरंतर और असरदार बनाया जाए।

सांसद कंगना रनौत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं में ट्रैफिक नियमों के प्रति सजगता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया और रील्स का व्यापक उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं तक संदेश पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी इस अभियान से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग को आपसी तालमेल के साथ धरातल पर काम करना होगा।

 

मंडी जिला में 323 ब्लैक स्पॉट चिन्हित, 2026 में अब तक 393 हादसों में 773 लोग प्रभावित

बैठक की कार्रवाई का संचालन करते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) मंडी नवीन कुमार ने समिति के समक्ष विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक मंडी जिले की विभिन्न सड़कों पर 393 सड़क हादसे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनसे 773 लोग प्रभावित हुए हैं। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिले भर में 323 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सुधारने और सुरक्षित बनाने का कार्य जारी है।

बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के सुधार कार्यों की समीक्षा भी की गई। इस अवसर पर विधायक दलीप ठाकुर, विधायक पूर्ण चंद, सभी उपमंडलों के एसडीएम और समिति के गैर-सरकारी सदस्य मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...