रमेश कंवर: केलांग
Lahul Sapiti News: जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में साहसिक खेलों और माउंटेन साइकिलिंग को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से दो दिवसीय ‘ग्रे घोस्ट एमटीवी चैलेंज 4.0’ साइकिलिंग प्रतियोगिता का आगाज हो गया। शनिवार को उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने झंडी दिखाकर इस बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने प्रतियोगिता के चौथे संस्करण की आधिकारिक टी-शर्ट का भी अनावरण किया। इस आयोजन से लाहौल घाटी में एडवेंचर स्पोर्ट्स के साथ-साथ ईको-टूरिज्म को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक पर कारदंग और बरवोग के पास प्रतिभागी दिखाएंगे दमखम
साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि वर्ष 2020-21 में शुरू हुई यह साइकिलिंग प्रतियोगिता अब अपने चौथे संस्करण में प्रवेश कर चुकी है। इस बार प्रतियोगिता का आयोजन प्रसिद्ध ड्रिलबुरी एपिक ट्रैक पर लापचंग, कारदंग और बरवोग गांवों के आसपास किया जा रहा है। अत्यंत चुनौतीपूर्ण और दुर्गम पहाड़ी ट्रैक पर प्रतिभागियों को अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और संतुलन का परिचय देना होगा। प्रतियोगिता में मास्टर्स, एलीट और अंडर-19 श्रेणी में लगभग 35 साइकिलिस्ट भाग ले रहे हैं।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं, सुरक्षा पर दिया जोर
मुख्य अतिथि उपायुक्त किरण भड़ाना ने सभी साहसी साइकिल चालकों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, खेल भावना और साहसिक खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने का आह्वान किया और जिला प्रशासन की ओर से आयोजन के लिए हरसंभव सहायता व सहयोग का आश्वासन दिया।
पारंपरिक लाहौली टोपी पहनाकर किया स्वागत, स्वास्थ्य टीम रही तैनात
समारोह के दौरान साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार तथा महासचिव अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि उपायुक्त किरण भड़ाना को पारंपरिक लाहौली टोपी पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उच्च पर्वतीय क्षेत्र में खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम को तैनात रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके।
लाहौल में साहसिक पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार
यह प्रतियोगिता न केवल स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने का काम कर रही है, बल्कि लाहौल घाटी को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर स्पोर्ट्स मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है। शुभारंभ समारोह के दौरान साइकिलिंग एसोसिएशन के सदस्य, स्थानीय ग्रामीण और देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।