Rajiv Bindal: 600 करोड़ के नए कर्ज और विकास कार्यों पर प्रदेश सरकार से मांगा जवाब, प्रचार पर 1000 करोड़ खर्च करने का लगाया आरोप

Rajiv Bindal: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार द्वारा लिए जा रहे 600 करोड़ के नए कर्ज और राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। हमीरपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारी-भरकम उधारी के बावजूद धरातल पर सड़क, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं की स्थिति दयनीय बनी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों, कर्मचारियों तथा पेंशनरों के वित्तीय देयों को चुकाने के बजाय प्रचार-प्रसार पर जनता का पैसा पानी की तरह बहा रही है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

 

171 मंडलों में जाएंगे विस्तारक, 8 हजार बूथों को मजबूत करेगी भाजपा

संगठनात्मक गतिविधियों का विवरण देते हुए राजीव बिंदल ने बताया कि भाजपा ने प्रदेश के पूर्व के 74 मंडलों का पुनर्गठन करके 171 मंडल बनाए हैं और 17 संगठनात्मक जिलों की रचना की है। करीब 8,000 पोलिंग बूथों पर संगठनात्मक इकाइयां गठित की जा चुकी हैं। हमीरपुर में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से 171 विस्तारक तैयार किए जा रहे हैं, जो अपने-अपने मंडलों में जाकर बूथ स्तर की गतिविधियों को सुदृढ़ करेंगे। बिंदल ने दावा किया कि राज्य में वर्तमान में करीब 6,000 से 7,000 बूथों पर हर महीने नियमित बैठकें आयोजित हो रही हैं।

 

प्रचार पर 1000 करोड़ खर्च करने का लगाया आरोप

प्रदेश सरकार द्वारा ₹600 करोड़ की नई उधारी लिए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव बिंदल ने कहा कि इस वित्त वर्ष में घोषित बाजार उधारी लगभग ₹4,800 करोड़ तक पहुंच रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कुल ऋण ₹45,000 करोड़ से अधिक हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रचार-प्रसार पर लगभग 1,000 करोड़ खर्च किए हैं। उन्होंने हिमकेयर और आयुष्मान भारत के तहत अस्पतालों की लंबित देनदारियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब गरीब इलाज के लिए परेशान है, तब सरकार विज्ञापनों और होर्डिंग्स को प्राथमिकता दे रही है।

 

चुनावी गारंटियों, रोजगार और बढ़ते शुल्कों पर मांगी प्रगति रिपोर्ट

राजीव बिंदल ने विधानसभा चुनाव के समय दी गई गारंटियों पर सरकार को घेरते हुए महिलाओं को 1,500 मासिक पेंशन, युवाओं को सरकारी रोजगार, मुफ्त बिजली और दूध खरीद योजनाओं पर प्रगति रिपोर्ट जारी करने की मांग की। उन्होंने बिजली, बस किराए, राशन तथा स्टाम्प ड्यूटी में हुई बढ़ोतरी का विरोध करते हुए कहा कि सरकार जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है। भाजपा में गुटबाजी की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।

खबरें और भी हैं...