बीआरओ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने राज्यपाल से की भेंट

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने राजभवन शिमला में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश में बीआरओ द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सड़क और अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। बीआरओ महानिदेशक ने कठिन भौगोलिक स्थितियों और विषम मौसम के बावजूद प्रदेश के सीमावर्ती व दुर्गम क्षेत्रों में निर्बाध सड़क संपर्क बनाए रखने के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने हिमाचल प्रदेश के सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरदराज के इलाकों को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने में बीआरओ की भूमिका की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में सीमावर्ती और दुर्गम इलाकों के सर्वांगीण सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए मजबूत, टिकाऊ और आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे का निर्माण बेहद जरूरी है।

 

सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता देने का आह्वान

राजभवन में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान राज्यपाल ने प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को और अधिक बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नए मार्गों के निर्माण और रखरखाव के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की पूर्व तैयारियों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

 

सामरिक सड़कों और सुरंग परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

भेंट के दौरान राज्य के सीमांत जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के दुर्गम इलाकों में बीआरओ द्वारा निर्मित की जा रही रणनीतिक सड़कों और सुरंगों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बीआरओ महानिदेशक ने आश्वस्त किया कि संगठन पूरी मुस्तैदी के साथ प्रदेश की कठिन सीमाओं पर अवसंरचनात्मक ढांचे को मजबूत करने के काम में जुटा हुआ है।

खबरें और भी हैं...